• Skip to main content
  • Skip to secondary menu
  • Skip to primary sidebar
  • Skip to footer
  • Home
  • मेरे बारे में :
  • संपर्क
  • गोपनियता नीति
  • अस्वीकरण (Disclaimer)
  • Sitemap
Sagar Budha

Sagar Budha

जहां रास्ते खत्म होते हैं, वहीं से असली नेपाल शुरू होता है।

  • Home
  • घूमने की जगहें
  • ट्रेकिंग व साहसिक यात्रा
  • यात्रा गाइड व टिप्स
  • संस्कृति और जीवनशैली

अपनी गाड़ी से नेपाल कैसे जाएं: नियम, भंसार व परमिट की जानकारी 2026

25 October 2026 by सागर बुढा (Sagar Budha Vlogs) Leave a Comment

अपनी गाड़ी से नेपाल कैसे जाएं?

क्या आप अपनी खुद की गाड़ी (कार, बाइक या अन्य वाहन) से नेपाल घूमने जाना चाहते हैं? अपनी गाड़ी से नेपाल कैसे जाएं? तो यह लेख सिर्फ आपके लिए है! अगर आप भारत से नेपाल अपनी गाड़ी लेकर जा रहे हैं (India to Nepal by car rules), तो कौन-कौन से कागजात लगेंगे, किस एंट्री गेट से प्रवेश करना है, और प्रतिदिन का भंसार शुल्क कितना है—यह सब कुछ मैं इस लेख में विस्तार से बता रहा हूँ।

लेकिन सफर पर निकलने से पहले इन बातों को अच्छी तरह समझ लें, वरना आपको बॉर्डर से ही वापस लौटना पड़ सकता है। और यदि आप किसी तरह बिना पूरे कागज़ों के अंदर चले भी गए, तो एक छोटे से दस्तावेज़ की कमी के कारण आपकी गाड़ी जप्त होकर नीलाम भी हो सकती है! इसलिए, पूरी सावधानियाँ और ज़रूरी डॉक्यूमेंट्स की जानकारी लेकर ही बॉर्डर पार करें।

एक बार ये सारी औपचारिकताएँ पूरी कर लीजिए, फिर आराम से अपनी गाड़ी लेकर नेपाल की वादियों में घूमिए, मौज कीजिए, धार्मिक यात्राओं का आनंद लीजिए और खूबसूरत स्थानों का भ्रमण कीजिए—आपको कोई दिक्कत नहीं होगी!

Table of Contents

Toggle
  • नेपाल प्रवेश के प्रमुख बॉर्डर: पूर्व से पश्चिम के क्रम में (Nepal Entry Borders)
  • बॉर्डर टाइमिंग और ज़रूरी निर्देश (Border Timing)
  • गाड़ी और यात्रा से जुड़े ज़रूरी दस्तावेज़ Checklist (Documents Required for Nepal Entry)
  • भारतीय वाहनों के लिए नेपाल प्रवेश / भंसार शुल्क (Nepal Bhansar Rates per Day)
    • भारतीय रुपए (करेंसी) के नियम:
  • ऑनलाइन भंसार पास कैसे बनवाएँ? (Nepal Vehicle Entry Online TIV Pass)
  • अति आवश्यक: ‘यातायात परमिट’ लेना न भूलें!
    • डे पास (Day Pass) का नियम:
  • नेपाल में गाड़ी चलाते समय सावधानियाँ और चेकिंग के नियम
  • आपके लिए प्रो-टिप ( Pro Tip for Nepal Road Trip)
  • अक्सर पूछे जाने वाले सवाल (FAQs)
    • Q1. क्या मुझे सीमा पार करने के लिए गाड़ी के मालिक (Owner) का साथ होना जरूरी है?
    • Q2. भंसार पर्ची कितने दिन की बनती है और क्या इसे आगे बढ़ा सकते हैं?
    • Q3. क्या नेपाल में फास्टैग (Fastag) चलता है या कैश रखना पड़ेगा?
    • Q4. क्या नेपाल में 500 रुपये का भारतीय नोट चलता है?
    • Q5. अगर भंसार पर्ची की तारीख खत्म हो जाए तो क्या होगा?
    • Q6. क्या भारत की गाड़ी का बीमा (Insurance) नेपाल में मान्य है?

नेपाल प्रवेश के प्रमुख बॉर्डर: पूर्व से पश्चिम के क्रम में (Nepal Entry Borders)

वैसे तो भारत से नेपाल जाने के लिए भारत-नेपाल सीमा पर कई एंट्री गेट हैं, लेकिन यदि आप अपने वाहन से जा रहे हैं, तो केवल उन्हीं गेटों से जा सकते हैं जहाँ भंसार कार्यालय (Customs Office) स्थित हैं।

यदि आप यह सोच रहे हैं कि अलग-अलग रूट से अपनी गाड़ी से नेपाल कैसे जाएं, तो नेपाल के प्रमुख प्रवेश द्वारों की यह सूची पूर्व से पश्चिम (East to West) के क्रम में आपकी मदद करेगी:

  1. काँकडभिट्टा – पानीटंकी बॉर्डर (झापा / दार्जिलिंग):यह बॉर्डर नेपाल का सबसे पूर्वी प्रवेश द्वार है। भारत-नेपाल सीमा पर बहने वाली मेची नदी के उस पार नेपाल की तरफ झापा जिले में मेचीनगर नगरपालिका (काँकडभिट्टा) पड़ता है, जहाँ ‘मेची भन्सार कार्यालय’ है। भारत की तरफ पश्चिम बंगाल राज्य के दार्जिलिंग जिले में ‘पानीटंकी कस्टम ऑफिस’ है। यह बॉर्डर सिलीगुड़ी, दार्जिलिंग, असम और उत्तर-पूर्व भारत से आने वाले यात्रियों के लिए सबसे बेस्ट है। यहाँ तीसरे मुल्क से आने वाले यात्रियों और सामान की जाँच-पास की व्यवस्था भी उपलब्ध है।
  2. जोगबनी – विराटनगर बॉर्डर (मोरंग / अररिया): भारत की तरफ बिहार राज्य का अररिया जिला पड़ता है और नेपाल की तरफ कोसी प्रदेश का मोरंग जिला। यह बॉर्डर पार करते ही नेपाल का प्रमुख औद्योगिक शहर विराटनगर स्थित है।
  3. रक्सौल – बीरगंज बॉर्डर (परसा / पूर्वी चंपारण):नेपाल की तरफ परसा जिला तथा भारत की तरफ बिहार का पूर्वी चंपारण जिला स्थित है। यह दोनों देशों के बीच का सबसे व्यस्त बॉर्डर है और इसे “गेटवे ऑफ नेपाल” भी कहा जाता है। पटना, कोलकाता और पूर्वी भारत से आने वाले यात्रियों के लिए यह सबसे बेहतरीन रूट है।
  4. सोनौली – भैरहवा बॉर्डर (रूपंदेही / महाराजगंज): नेपाल में रूपंदेही जिला और भारत में उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले (गोरखपुर मंडल) की सीमा पर यह स्थित है। जो यात्री लखनऊ, गोरखपुर या वाराणसी की तरफ से आ रहे हैं, उनके लिए यह सबसे बेस्ट रास्ता है। लुंबिनी, पोखरा, बागलुंग, पर्वत, गोरखा, रुकुम, रोल्पा, डोल्पा और ढोरपाटन जाने के लिए यह प्रवेश द्वार सबसे सही रहता है।
  5. रुपईडीहा – नेपालगंज बॉर्डर (बांके / बहराइच):नेपाल की तरफ लुंबिनी प्रदेश का बांके जिला (व्यापारिक शहर नेपालगंज) और भारत की तरफ उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले का रुपईडीहा बाजार पड़ता है। आम बोलचाल में इसे रुपड़िया बॉर्डर या जमुनहा नाका भी कहते हैं। दिल्ली, लखनऊ और उत्तर भारत के अन्य हिस्सों से मध्य और सुदूर-पश्चिम नेपाल (जैसे लुम्बिनी, कर्णाली और सुदूरपश्चिम प्रदेश) जाने के लिए यह सबसे मुख्य नाका माना जाता है।
  6. बनबसा – महेंद्रनगर बॉर्डर (कंचनपुर / चंपावत):भारत के उत्तराखंड राज्य के चंपावत जिले (बनबसा) और नेपाल के सुदूरपश्चिम प्रदेश के कंचनपुर जिले (भीमदत्त नगरपालिका/महेंद्रनगर) के बीच यह बॉर्डर स्थित है। दोनों देशों के बीच सीमा का विभाजन महाकाली नदी (भारत में शारदा नदी) करती है। इस नदी पर बने पुल को नेपाल में महाकाली पुल और भारत में शारदा बैराज कहा जाता है। इसे गड्डाचौकी बॉर्डर भी कहते हैं।दिल्ली, उत्तराखंड और पंजाब से नेपाल आने वालों के लिए यह सबसे बेस्ट रूट है। महेंद्रनगर से ‘पूर्व-पश्चिम राजमार्ग’ (महेंद्र हाईवे) शुरू होता है, जिसकी लंबाई 1027 किलोमीटर है। यह हाईवे नेपाल के पश्चिमी छोर (महेंद्रनगर) से पूर्वी छोर (काँकडभिट्टा) तक जाता है। इस हाईवे से नेपाल के पहाड़ और तराई के लगभग सभी जिलों की सड़कें जुड़ी हुई हैं।

बॉर्डर टाइमिंग और ज़रूरी निर्देश (Border Timing)

  • कस्टम ऑफिस का समय: बॉर्डर पर भंसार (कस्टम) कार्यालय सुबह 6:00 बजे से रात 10:00 बजे तक खुले रहते हैं।
  • समय का ध्यान रखें: क्योंकि गाड़ी के साथ कागजी प्रक्रिया (Process) पूरी होने में समय लगता है, इसलिए कोशिश करें कि अंधेरा होने से पहले (शाम से पहले) बॉर्डर पर पहुँच जाएँ।
  • सिंगारु नृत्य: जाजरकोट का वो रहस्यमयी नाच, जहाँ पुरुष पहनते हैं साड़ी!

गाड़ी और यात्रा से जुड़े ज़रूरी दस्तावेज़ Checklist (Documents Required for Nepal Entry)

बॉर्डर पर पहुँचने से पहले यह चेकलिस्ट ज़रूर देख लें और इन नियमों का पालन करें:

महत्वपूर्ण ध्यान दें: आप जितने भी डॉक्यूमेंट ले जा रहे हैं, वे सब ओरिजिनल (Original) होने चाहिए। वहाँ पर DigiLocker, ज़ेरॉक्स कॉपी या मोबाइल में फोटो को मान्य नहीं करते हैं।

  1. गाड़ी का रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (RC): इसे नेपाल में ‘बिल बुक’ के नाम से जानते हैं। यह ओरिजिनल होना चाहिए।
  2. ड्राइविंग लाइसेंस (Driving License): आपका एक्टिव और वैलिड ड्राइविंग लाइसेंस होना चाहिए। कभी-कभी ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड हुआ होता है या इसकी वैलिडिटी खत्म हुई होती है, वैसा लाइसेंस मान्य नहीं होगा।
  3. गाड़ी का बीमा (Vehicle Insurance): जो भी गाड़ी आप लेकर जा रहे हैं उसका बीमा होना चाहिए। ध्यान रखिएगा, भगवान न करे यदि किसी कारण से नेपाल में गाड़ी का एक्सीडेंट हो जाता है तो अक्सर बीमा का क्लेम नहीं मिलता है। कंप्रिहेंसिव इंश्योरेंस भी है तो टूट-फूट का पैसा अधिकतर अपने जेब से ही लगाना पड़ता है।
  4. पीयूसीसी (PUCC): आपकी गाड़ी का पॉल्यूशन अंडर कंट्रोल सर्टिफिकेट होना चाहिए।
  5. फाइनेंस हुई गाड़ी: यदि आपकी गाड़ी लोन पर है, तो फाइनेंसर बैंक से हाइपोथैकेशन (Hypothecation) NOC होना ज़रूरी है।
  6. मालिक के बिना गाड़ी ले जाना: यदि गाड़ी का मालिक खुद नहीं चला रहा है, तो उसका ऑथराइज्ड लेटर (Authorized Letter) या सहमति पत्र (Consent Letter) होना जरूरी है।
  7. रेंट की गाड़ी: यदि गाड़ी रेंट पर लेकर आए हैं, तो रेंटल एजेंसी से नोटराइज्ड (Notarized) NOC होना जरूरी है।
  8. पहचान पत्र (ID Proof) के नियम: भारत से नेपाल जाने के लिए वीजा तो नहीं लगता, लेकिन अपनी पहचान के लिए आपके पास ओरिजिनल पासपोर्ट या वोटर आईडी कार्ड (मतदाता पहचान पत्र) होना बहुत जरूरी है। ध्यान रखिएगा कि नेपाल के हर बॉर्डर, होटल या चेकिंग पॉइंट पर आधार कार्ड को मान्य किया जाए यह संभव नहीं है, इसलिए वोटर आईडी या पासपोर्ट साथ लेकर ही जाएँ।
  9. बच्चों के साथ यात्रा: यदि आपके साथ 18 साल से कम उम्र के बच्चे जा रहे हैं, तो उनका स्कूल/कॉलेज का ओरिजिनल आईडी कार्ड या जन्म प्रमाण पत्र (Birth Certificate) साथ रखना न भूलें।

भारतीय वाहनों के लिए नेपाल प्रवेश / भंसार शुल्क (Nepal Bhansar Rates per Day)

नेपाल में प्रत्येक दिन के हिसाब से वाहनों का प्रवेश शुल्क (Nepal Bhansar Rate) कितना है, नीचे दी गई तालिका में देखिए:

क्रम संख्यावाहन का प्रकारपूर्व भंसार शुल्क (रू)नया भंसार शुल्क (रू)बदलाव
1दो पहिया (टू-व्हीलर)15020050
2चार पहिया व बस500600100
3कमर्शियल वाहन व ट्रक15001700200
4टेंपो35040050
5ट्रैक्टर ट्रॉली700800100

नोट:

इन शुल्कों में बदलाव नेपाल सरकार प्रत्येक वित्तीय वर्ष में कर सकती है, जिनकी जानकारी नेपाल भंसार कार्यालय से ले सकते हैं। भंसार कटवाने के बाद सभी की रसीद भी प्राप्त करें और अपने पास संभाल कर रखें।

भारतीय रुपए (करेंसी) के नियम:

  • छोटे नोट आसानी से चलेंगे: नेपाल में ₹10, ₹20, ₹50 और ₹100 के भारतीय नोट आराम से चलते हैं।
  • ₹200 और ₹500 के नोट पर रोक: नेपाल में ₹200 और ₹500 के भारतीय नोट ले जाना और इस्तेमाल करना गैर-कानूनी है। चेकिंग में बड़े नोट मिलने पर आप परेशानी में पड़ सकते हैं।
  • करेंसी चेंज करवा लें: सबसे बेस्ट रहेगा कि आप बॉर्डर पार करते ही अपने भारतीय रुपयों को नेपाली रुपयों (NPR) में एक्सचेंज करवा लें। (सरकारी रेट: ₹100 भारतीय = 160 नेपाली रुपए)।
  • गूगल पे: आप नेपाल में जहां भी ठहरते हैं या कहीं पर खाना या कुछ और चीज में खर्च करते हैं तो उनको पेमेंट करने के Fone Pay बिजनेस क्यूआर में गूगल पे के जरिए क्यूआर स्कैन करके पेमेंट कर सकते हैं। पेमेंट करने के कुछ मिनट बाद उनके खाते में पैसे चले जाते हैं और भारत में आपके बैंक से एक रुपया भी चार्ज नहीं कटता है। ध्यान रहे केवल बिजनेस क्यूआर उन बिजनेस को बैंक अलग से क्यूआर देती है। पर्सनल क्यूआर में पैसे नहीं जाते हैं न ही खल्ती तथा ई सेवा के क्यूआर में पैसे जाते हैं।
  • ATM से कैश: भारतीय स्टेट बैंक या पंजाब नेशनल बैंक में यदि खाता है तो यहां जाकर आप अपने लिए एक एटीएम कार्ड बना लीजिए और इनमें इंटरनेशन पेमेंट एक्टिव कीजिए नेपाल में आप नेपाल एस बी आई तथा एवरेस्ट बैंक के किसी भी ATM से अपने लिए कैश विड्रोल कर सकते हैं इसके लिए कुछ चार्ज कटते हैं खाते से।

ऑनलाइन भंसार पास कैसे बनवाएँ? (Nepal Vehicle Entry Online TIV Pass)

भन्सार पास बनवाने के लिए अब आपको लाइन में लगने की जरूरत नहीं है। ऑनलाइन फॉर्म भरिए और आसानी से पास बनवा लीजिए:

  1. नेपाल सरकार के आधिकारिक TIV (Temporary Import of Vehicle) पोर्टल https://nnsw.gov.np/tiv/gen पर जाएँ।
  2. ज़रूरी डॉक्यूमेंट्स अपलोड करें: गाड़ी की RC (स्मार्ट कार्ड/बिल बुक), ड्राइविंग लाइसेंस और पहचान पत्र (वोटर आईडी/पासपोर्ट) की डिजिटल कॉपी (स्कैन या साफ फोटो) अपलोड करें।
  3. विवरण भरें: गाड़ी का नंबर (Registration Number), इंजन नंबर, चेसिस नंबर, गाड़ी का प्रकार (कार, बाइक आदि), प्रवेश करने वाला बॉर्डर (Customs Entry Point), नेपाल में जहाँ-जहाँ जाना है (Destination) और कितने दिनों का परमिट चाहिए, यह सब दर्ज करें।
  4. ऑनलाइन भुगतान करें: दिनों के हिसाब से शुल्क कैलकुलेट होकर आ जाएगा, जिसे आप ऑनलाइन पे कर सकते हैं।
  5. QR कोड प्राप्त करें: पेमेंट सफल होने के बाद आपको एक डिजिटल पास / QR Code मिलेगा। इसे मोबाइल में सेव कर लें या प्रिंट करवा लें। जैसे ही आप बॉर्डर गेट पर पहुँचेंगे, उसे स्कैन कराकर आगे की प्रक्रिया आसानी से पूरी कर सकते हैं।

अति आवश्यक: ‘यातायात परमिट’ लेना न भूलें!

अधिकतर लोग भन्सार कार्यालय से केवल कस्टम पास (भंसार रसीद) लेकर ही आगे बढ़ जाते हैं। लेकिन रुकिए! नेपाल की सड़कों पर गाड़ी दौड़ाने के लिए यातायात परमिट (यातायात अनुमति पत्र) लेना भी जरूरी होता है, इसे लेना बिल्कुल न भूलें।

यदि यातायात अनुमति पत्र के बगैर आप नेपाल में पाए जाते हैं, तो आपके ऊपर अच्छा खासा जुर्माना भी हो सकता है और हो सके तो आपको बॉर्डर से वापस भी कर दिया जाता है। इसलिए भंसार काउंटर या पास के यातायात कार्यालय से यह परमिट ज़रूर बनवा लें।

डे पास (Day Pass) का नियम:

दोस्तों, अगर आप नेपाल सुबह जाकर शाम को वापस आ जाते हैं या 24 घंटे के अंदर वापस लौट आते हैं, तो आपको कोई भी भंसार शुल्क देने की जरूरत नहीं है। उसके लिए संबंधित भंसार कार्यालय से “डे पास” बनता है। इसका मतलब यह कतई नहीं है कि जो मैंने उपर्युक्त डॉक्यूमेंट्स बताए हैं वे न लेकर जाएँ; केवल रुकने का शुल्क नहीं लगेगा, बाकी सारे नियम वही पालन होंगे।

इसे भी पढ़िए:-

  • पोखरा यात्रा गाइड: नेपाल का एक सुंदर और शांत पर्यटन स्थल
  • जाजरकोट दरबार: यहां आज भी सुरक्षित है पृथ्वी नारायण शाह की ‘शक्ति’ तलवार

नेपाल में गाड़ी चलाते समय सावधानियाँ और चेकिंग के नियम

  1. हर जगह चेकिंग के लिए तैयार रहें: अंतर्राष्ट्रीय बॉर्डर पार करना कोई मामूली बात नहीं है, आपको हर समय तैयार रहना चाहिए। आपकी गाड़ी का चेचिस नंबर, इंजन नंबर और आरसी का कभी भी मिलान किया जा सकता है।
  2. पुलिस चेकिंग का तरीका: याद रखिएगा यह इंडिया नहीं है। यहाँ जगह-जगह पर चेकिंग होती है। एक जिले को पार करके दूसरे जिले पर जाने पर या एक नगर पालिका से दूसरे नगर पालिका में भी चेकिंग पॉइंट होते हैं। ट्रैफिक पुलिस का कोई गारंटी नहीं है कि कहाँ पर जाकर वे चेकिंग करते हैं, उनकी मर्जी है रास्ते में भी बैठे होते हैं। एक ही जगह हर दिन नहीं बैठते, दिन-दिन जगह बदल करके बैठते हैं। अपनी बाइक में जाते हैं और जहाँ उनका दिल लगे वहीं पर रोक कर चेकिंग शुरू कर देते हैं।
  3. तुरंत गाड़ी रोकें: जब कभी भी नेपाल पुलिस आपकी गाड़ी को रोके तो तुरंत रुक जाइए। अगर आप इनकार करते हैं या डॉक्यूमेंट नहीं दिखा पाते हैं तो आप ज्यादा उलझनों में फंस सकते हैं।
  4. 30 दिनों की सीमा: 1 साल के अंदर आप अपनी गाड़ी को 30 दिन से अधिक नेपाल में नहीं रख सकते हैं।
  5. पास बढ़ाना (Pass Extension): अगर आपका पास एक्सपायर हो रहा है, तो उसके 1 दिन पहले ही या तो नेपाल छोड़ दें या अगर नेपाल में ज्यादा ठहरना चाहते हैं तो अपने नजदीक के किसी भी भंसार कार्यालय से पास को बढ़वा सकते हैं।
  6. गाड़ी नीलाम होने का खतरा: यदि आपका पास एक्सपायर हो गया है और आप नेपाल के अंदर नेपाल ट्रैफिक पुलिस द्वारा पकड़े जाते हैं, तो आपकी गाड़ी जप्त कर नीलामी से कोई भी नहीं बचा सकता है।

आपके लिए प्रो-टिप ( Pro Tip for Nepal Road Trip)

जब भी आप नेपाल में अपने सोचे हुए गंतव्य (Destination) की ओर जाना चाहते हैं, तो वहाँ के बारे में अच्छे से जानकर जाइएगा—जैसे वहाँ का मौसम कैसा है, किस समय जाना सही रहेगा और साथ में वहाँ की राजनीतिक परिस्थितियाँ कैसी हैं (कहीं कोई बंद, प्रदर्शन या चुनाव इत्यादि तो नहीं हो रहे हैं)।

अपने रूट के हिसाब से सही बॉर्डर गेट चुनिए और नेपाल यात्रा का भरपूर आनंद लीजिए!

शुभ यात्रा!

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल (FAQs)

Q1. क्या मुझे सीमा पार करने के लिए गाड़ी के मालिक (Owner) का साथ होना जरूरी है?

उत्तर: यदि गाड़ी आपके नाम पर नहीं है (जैसे परिवार के किसी सदस्य या दोस्त की कार), तो नेपाल बॉर्डर पर भंसार पर्ची बनवाते समय गाड़ी के असली मालिक का प्राधिकरण पत्र (Authorization Letter / NOC) और उनकी आईडी की कॉपी साथ होना अनिवार्य है। इसके बिना वाहन की एंट्री मिलने में परेशानी हो सकती है।

Q2. भंसार पर्ची कितने दिन की बनती है और क्या इसे आगे बढ़ा सकते हैं?

उत्तर: बॉर्डर पर शुरुआत में आपकी ज़रूरत के हिसाब से भंसार पर्ची कटती है। अगर नेपाल में आपका रुकने का प्लान लंबा हो जाता है, तो पर्ची खत्म होने से पहले नेपाल के बड़े शहरों (जैसे काठमांडू या पोखरा) के भंसार दफ्तर में जाकर इसे आसानी से रिन्यू (Extend) करवा सकते हैं।

Q3. क्या नेपाल में फास्टैग (Fastag) चलता है या कैश रखना पड़ेगा?

उत्तर: नेपाल में भारत का फास्टैग बिल्कुल नहीं चलता है। बॉर्डर पर भंसार का पैसा हो या नेपाल के अंदर ट्रैफिक फाइन, सब कुछ नकद (Cash) में ही देना पड़ता है। इसलिए अपने साथ पर्याप्त मात्रा में कैश लेकर ही निकलें

Q4. क्या नेपाल में 500 रुपये का भारतीय नोट चलता है?

उत्तर: नेपाल में 100 रुपये या उससे छोटे भारतीय नोट आराम से चल जाते हैं, लेकिन 500 रुपये के नोट कई जगह नहीं लेते। सबसे बढ़िया यही रहेगा कि बॉर्डर पार करते ही भारतीय रुपये को नेपाली रुपये (NPR) में बदलवा लें, ताकि आगे कहीं कोई परेशानी न हो।

Q5. अगर भंसार पर्ची की तारीख खत्म हो जाए तो क्या होगा?

उत्तर: भंसार की तारीख खत्म होने के बाद नेपाल में गाड़ी चलाना गैर-कानूनी माना जाता है। अगर पुलिस या कस्टम वाले पकड़ते हैं, आपकी गाड़ी जप्त कर नीलामी से कोई नहीं बचा सकता है। इसलिए समय रहते ही पर्ची रिन्यू करा लें या भारत वापस लौट आएं।

Q6. क्या भारत की गाड़ी का बीमा (Insurance) नेपाल में मान्य है?

उत्तर: अगर आपकी भारतीय गाड़ी के इंश्योरेंस में “Nepal Extension” जुड़ा हुआ है, तभी वह नेपाल में काम करेगा। अगर ऐसा नहीं है, तो किसी प्रकार का एक्सीडेंट होने पर आपने जेब से ही पैसे खर्च करने पड़ेंगे।

Filed Under: यात्रा गाइड व टिप्स Tagged With: India to Nepal by car, Nepal road trip, sagarbudha, अपनी गाड़ी से नेपाल कैसे जाएं

Reader Interactions

Leave a Reply Cancel reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Primary Sidebar

नवीनतम यात्राएँ (Recent Travels)

जाजरकोट दरबार

जाजरकोट दरबार: यहां आज भी सुरक्षित है पृथ्वी नारायण शाह की ‘शक्ति’ तलवार

नेपाल के मानचित्र पर कर्णाली प्रदेश अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए जाना जाता है, लेकिन इसी प्रदेश के जाजरकोट जिले में एक ऐसी ऐतिहासिक धरोहर है जो सदियों के उतार-चढ़ाव की गवाह रही है। दक्षिण में सुरीली आवाज़ में बहती भेरी नदी और रुकुम के चौरजहारी का विहंगम दृश्य, उत्तर में कुशे पाटन की मखमली […]

सिंगारु नृत्य जाजरकोट: पुरुषों का साड़ी पहनकर सामूहिक लोक नृत्य

सिंगारु नृत्य: जाजरकोट का वो रहस्यमयी नाच, जहाँ पुरुष पहनते हैं साड़ी!

सुरम्य पहाडियों से घिरे उत्तर में कुशे चाखुरे पाटन (बुग्याल) तथा दक्षिण में कल-कल बहती भेरी नदी -आहा ! यह दृश्य कितना मनमोहक है। प्राकृतिक सुंदरता से भरपूर है कर्णाली प्रदेश का यह जिला जाजरकोट। न केवल अपनी वादियों के लिए बल्कि अपनी समृद्ध लोक संस्कृति के लिए भी जाना जाता है। जाजरकोट की इन्हीं […]

पोखरा यात्रा गाइड

पोखरा यात्रा गाइड: नेपाल का एक सुंदर और शांत पर्यटन स्थल

पोखरा काठमांडू से पश्चिम 200 किलोमीटर की दूरी पर स्थित एक प्रमुख पर्यटन स्थल है। यह नेपाली शब्द “पोखर” से लिया गया है, जिसका अर्थ होता है “झील“। पोखरा शहर गहरे नीले रंग की फेवा झील के चारों ओर बसा हुआ है और यहाँ का माहौल अत्यंत शांत और प्राकृतिक है। यह स्थान अपने प्राकृतिक […]

अपनी गाड़ी से नेपाल कैसे जाएं?

अपनी गाड़ी से नेपाल कैसे जाएं: नियम, भंसार व परमिट की जानकारी 2026

क्या आप अपनी खुद की गाड़ी (कार, बाइक या अन्य वाहन) से नेपाल घूमने जाना चाहते हैं? अपनी गाड़ी से नेपाल कैसे जाएं? तो यह लेख सिर्फ आपके लिए है! अगर आप भारत से नेपाल अपनी गाड़ी लेकर जा रहे हैं (India to Nepal by car rules), तो कौन-कौन से कागजात लगेंगे, किस एंट्री गेट […]

TAGS

India to Nepal by car Nepal road trip sagarbudha अपनी गाड़ी से नेपाल कैसे जाएं कर्णाली प्रदेश (Karnali Province) जाजरकोट (Jajarkot) जाजरकोट दरबार ताल बाराही नेपाली लोक संस्कृति (Nepali Folk Culture) पोखरा फेवा झील सारंगकोट सिंगारु नृत्य (Singaru Dance)

Footer

लेखक के बारे में

नमस्ते, मैं सागर। एक साधारण सा यात्री जिसे नेपाल के पहाड़ों और खेतों से लगाव है। sagarbuda.com पर मैं बस अपनी यात्राओं के अनुभव और खेती-किसानी की कुछ छोटी-मोटी बातें साझा करने की कोशिश करता हूँ और पढ़ें....

Recent Article

  • अपनी गाड़ी से नेपाल कैसे जाएं: नियम, भंसार व परमिट की जानकारी 2026
  • पोखरा यात्रा गाइड: नेपाल का एक सुंदर और शांत पर्यटन स्थल
  • सिंगारु नृत्य: जाजरकोट का वो रहस्यमयी नाच, जहाँ पुरुष पहनते हैं साड़ी!
  • जाजरकोट दरबार: यहां आज भी सुरक्षित है पृथ्वी नारायण शाह की ‘शक्ति’ तलवार

Search

  • Home
  • मेरे बारे में :
  • संपर्क
  • गोपनियता नीति
  • अस्वीकरण (Disclaimer)
  • Sitemap

Category

  • घूमने की जगहें (1)
  • मेरा अनुभव (1)
  • यात्रा गाइड व टिप्स (2)

Copyright © 2026 Sagar Budha